post-thumb

भारत में सर्वश्रेष्ठ MBA प्रवेश परीक्षाएं और कॉलेज

यदि आप MBA कोर्स में रुचि रखते हैं, और पढ़ने के लिए एक अच्छे कॉलेज की तलाश कर रहे हैं, तो आप सही जगह पर आए हैं। इस लेख में, हम भारत के प्रमुख MBA कॉलेजों और उनकी प्रवेश परीक्षाओं पर कुछ प्रकाश डालने जा रहे हैं।

केंद्र सरकार के अधिकांश प्रतिष्ठित MBA कॉलेज, राज्य MBA कॉलेज और डीम्ड विश्वविद्यालय (deemed universities) केवल स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि किसी-न-किसी प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश देते हैं।

नोट

MBA का मतलब मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (Masters of Business Administration) है। इस पाठ्यक्रम में, छात्र व्यवसाय चलाने की कला सीखते हैं, जैसे की वित्त (finance), विपणन (marketing), सिस्टम (systems), आदि।

नियमित MBA पाठ्यक्रम की अवधि आम तौर पर 2 वर्ष होती है। अधिकांश MBA कॉलेज पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री के बजाय पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा (Post Graduate Diploma, PGDM) प्रदान करते हैं। तो, अगर आप स्नातकोत्तर डिग्री के लिए MBA करने की योजना बना रहे हैं तो इसे ध्यान में रखें। कुछ सरकारी परीक्षाओं के लिए आपको स्नातकोत्तर डिग्री धारक होना आवश्यक है। यदि आपके पास स्नातकोत्तर डिप्लोमा है, तो हो सकता है कि आप ऐसी नौकरियों के लिए पात्र नहीं हों।

नोट

मैंने 2008 से 2009 तक विभिन्न MBA परीक्षाएँ दीं, जब मैं नोएडा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर रहा था। मुझे IIFT-दिल्ली, XLRI-जमशेदपुर (साथ ही भुवनेश्वर), IIT-मुंबई (शैलेश जे मेहता स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, Shailesh J. Mehta School of Management), MDI-गुड़गांव, IMT-गाजियाबाद, Symbiosis (SIBM, SCMHRD) आदि से साक्षात्कार कॉल आयीं।

मैंने XAT-2009 में लगभग 99 पर्सेंटाइल, JMET में 216 AIR (IITs के MBA प्रोग्राम के लिए) हासिल किया, और सिम्बायोसिस MBA प्रवेश परीक्षा में शीर्ष 20 उम्मीदवारों में शामिल था।

अंत में, मैंने 2009 में Shailesh J. Mehta School of Management, IIT-मुंबई में दाखिला लिया।

खैर, काफी इधर-उधर की बातें हो गयीं। चलिए, असल विषय शुरू करें।

Table of Contents
  • सरकारी कॉलेजों के लिए होने वाली MBA प्रवेश परीक्षाएं
  • कुछ अच्छे निजी कॉलेजों के लिए होने वाली MBA प्रवेश परीक्षाएं

भारत में MBA के लिए प्रवेश परीक्षाएं

हम यहाँ सबसे अच्छे सरकारी कॉलेजों के साथ-साथ, कुछ अच्छे निजी कॉलेजों के लिए भी होने वाली प्रवेश परीक्षाओं को सूचीबद्ध करेंगे।

सरकारी कॉलेजों के लिए होने वाली MBA प्रवेश परीक्षाएं

CAT और IIMs

जो कोई भी भारत में MBA की तैयारी कर रहा है, उसने कॉमन एडमिशन टेस्ट (Common Admission Test, CAT) के बारे में तो सुना ही होगा| भारत के अधिकांश प्रमुख MBA संस्थान CAT स्कोर के आधार पर छात्रों को इंटरव्यू कॉल देते हैं। और यह सूची लगातार बढ़ती ही जा रही है।

जब मैं 2008-09 की अवधि में CAT देता था तो FMS, IITs, आदि अपनी अलग प्रवेश परीक्षा आयोजित करते थे। लेकिन अब वे CAT स्कोर स्वीकार करते हैं।

अभी, निम्नलिखित कॉलेज CAT स्कोर स्वीकार करते हैं:

  • भारतीय प्रबंधन संस्थान (Indian Institute of Management, IIMs) - ये भारत के अग्रणी MBA संस्थान हैं। वे MBA की दुनिया के IIT के समान हैं। CAT हमेशा किसी न किसी IIM द्वारा आयोजित किया जाता है.
  • Faculty of Management Studies (FMS) - दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) का मुख्य MBA कॉलेज। पहले वे अपनी खुद की प्रवेश परीक्षा आयोजित करते थे, लेकिन अब वे CAT स्कोर स्वीकार करते हैं।
  • भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (Indian Institute of Technology, IIT) के MBA प्रोग्राम - हाँ, IIT में MBA प्रोग्राम भी होते हैं। हालाँकि, जहाँ तक हम जानते हैं, केवल IIT-मुंबई और कुछ हद तक IIT-दिल्ली अच्छी गुणवत्ता वाले MBA प्रोग्राम प्रदान करते हैं। IIT-मुंबई में शैलेश जे मेहता कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट (Shailesh J. Mehta College of Management ) काफी अच्छा माना जाता है। हालांकि यह IIM और XLRI की श्रेणी का नहीं है, लेकिन इसे Symbiosis, MDI, IMT-गाजियाबाद आदि जैसे कई अन्य MBA कॉलेजों से बेहतर माना जाता है। पहले वे अपनी खुद की प्रवेश परीक्षा आयोजित करते थे, जिसे JMET कहा जाता था (वह केवल इंजीनियरों के लिए थी), लेकिन अब वे CAT स्कोर स्वीकार करते हैं।
  • नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग (National Institute of Industrial Engineering, NITIE), मुंबई - यह विशेष रूप से इंजीनियरों के लिए अच्छा है (IITs की तरह ही)। ऐसे कॉलेजों में इंजीनियरों को तरजीह दी जाती है।
नोट

जैसे की आपने देखा, कई गैर-IIM कॉलेज CAT स्कोर स्वीकार करते हैं, लेकिन यदि आप उनके साक्षात्कार + GD कॉल के लिए पात्र होना चाहते हैं, तो आपको उनका फॉर्म अलग से भी भरना होगा। हालांकि आपको IIMs के लिए कोई अन्य फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है।

IIFT परीक्षा

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन ट्रेड (Indian Institute of Foreign Trade, IIFT), दिल्ली - यदि आप विदेश व्यापार (foreign trade) में रुचि रखते हैं, तो यह वह कॉलेज है जिसको आपको लक्षित करना चाहिए। यह IIT-दिल्ली के पास ही स्थित है।

मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (Management Aptitude Test, MAT)

कई राज्य MBA कॉलेज, डीम्ड विश्वविद्यालय और निजी कॉलेज MAT परीक्षा में स्कोर के आधार पर प्रवेश देते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ ही कॉलेज अच्छे हैं।

इनमें से अधिकांश कॉलेजों में बहुत कम या कोई कैंपस प्लेसमेंट नहीं है। हालाँकि, यदि आपका लक्ष्य केवल MBA की डिग्री प्राप्त करना है, तो आप उनके लिए जा सकते हैं। आप हमेशा बाद में MBA डिग्री धारकों के लिए जारी रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

हालाँकि, कुछ अच्छे कॉलेज जो MAT परीक्षा के माध्यम से प्रवेश लेते हैं, वे हैं:

  • Institute of Public Enterprise (IPE), हैदराबाद - यह एक निजी कॉलेज है, लेकिन अच्छा है।
  • क्राइस्ट कॉलेज (Christ College), बैंगलोर - यह एक निजी कॉलेज है, लेकिन अच्छा है।
  • VIT Business School, वेल्लोर - यह एक निजी कॉलेज है।
  • Institute of Management Technology (IMT), नागपुर - यह एक निजी कॉलेज है।
नोट

MAT साल में कई बार आयोजित किया जाता है, जबकि CAT साल में केवल एक बार आयोजित किया जाता है। MAT परीक्षा का कठिनाई स्तर CAT और XAT जैसी अन्य परीक्षाओं की तुलना में बहुत कम होता है। इसलिए, MAT को एक बैकअप की तरह देखें, यदि आप CAT, XAT और अन्य प्रमुख MBA परीक्षाओं में सफलता प्राप्त नहीं कर पाते हैं, तो MAT तो है ही।

हालांकि, ध्यान रखें कि MBA हमेशा आपके करियर को बढ़ावा देने के लिए किया जाना चाहिए - ताकि उसके अंत में आप एक अच्छी नौकरी प्राप्त कर सकें। या, शायद अपनी खुद की कंपनी शुरू कर सकें। सिर्फ डिग्री हासिल करने के लिए ऐसा नहीं करना चाहिए। इसलिए अगर आप MBA करना चाहते हैं तो किसी अच्छे कॉलेज से करें. अन्यथा, वर्तमान नौकरी करते रहे, और अगले वर्ष पुनः प्रयास करें।

इसके अलावा, कृपया घर पर बैठकर MBA परीक्षा की तैयारी न करें। सुनिश्चित करें कि आप MBA करने से पहले कुछ साल काम करते हैं और कुछ अच्छा अनुभव प्राप्त करते हैं। आप जितने अधिक अनुभवी होंगे, MBA के बाद आपको उतना ही बेहतर जॉब पैकेज मिलेगा। इसलिए कई अच्छे कॉलेज फ्रेशर्स के बजाय अनुभवी उम्मीदवारों को प्राथमिकता देते हैं। आखिर, वे भी अच्छी गुणवत्ता वाले उम्मीदवारों को उनके परिसर में आने वाली कंपनियों के सामने पेश करना चाहते हैं।

कुछ अच्छे निजी कॉलेजों के लिए होने वाली MBA प्रवेश परीक्षाएं

  • जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (Xavier School of Management, XLRI) - XLRI को काफी अच्छा MBA कॉलेज माना जाता है। विशेष रूप से XLRI -जमशेदपुर, जो कई IIMs से भी बेहतर माना जाता है। वे XAT नामक अपनी स्वयं की प्रवेश परीक्षा आयोजित करते हैं।
  • इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (Indian School of Business, ISB), हैदराबाद - यह भी भारत का एक प्रमुख MBA संस्थान है (कुछ के अनुसार IIMs से भी बेहतर)। वे आम तौर पर अनुभवी उम्मीदवारों को पसंद करते हैं। ऐसे में फ्रेशर्स के लिए यहां मौका कम है। (इसका एक कैंपस मोहाली में भी है)
  • Symbiosis यूनिवर्सिटी MBA प्रवेश परीक्षा - सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी में कई MBA कॉलेज हैं। Symbiosis Institute of Business Management (SIBM) को सबसे अच्छा माना जाता है। अन्य हैं Symbiosis Centre for Management and Human Resource Development (SCMHRD), Symbiosis Institute of Management Studies (SIMS), आदि। Symbiosis अपनी अलग MBA प्रवेश परीक्षा आयोजित करती है।
  • S. P. Jain Institute of Management and Research (SPJIMR), मुंबई - वे CAT स्कोर स्वीकार करते हैं। वे XAT और GMAT स्कोर भी स्वीकार करते हैं।
  • MDI, गुड़गांव - वे CAT स्कोर स्वीकार करते हैं।
  • Great Lakes Institute of Management, चेन्नई (इसका एक कैंपस गुड़गांव में भी है)
  • Institute of Management Technology (IMT), गाजियाबाद - वे CAT और XAT स्कोर स्वीकार करते हैं।
  • Narsee Monjee विश्वविद्यालय (NMIS), मुंबई - वे अपनी अलग MBA प्रवेश परीक्षा आयोजित करते हैं, जिसे CET कहा जाता है। हालाँकि, कभी-कभी वे CAT स्कोर को भी स्वीकार कर लेते हैं। तो, किसी विशेष वर्ष में इस उद्देश्य के लिए आपको उनकी अधिसूचना देखनी होगी।
  • International Management Institute (IMI), दिल्ली - यह CAT और GMAT स्कोर स्वीकार करता है।
  • MICA, अहमदाबाद - यह CAT स्कोर स्वीकार करता है।
  • T.A. Pai Management Institute (TAPMI), मणिपाल (कर्नाटक) - यह CAT स्कोर को स्वीकार करता है।
  • Institute of Rural Management (IRMA), आनंद (गुजरात) - यह CAT स्कोर स्वीकार करता है।
नोट

उपरोक्त अधिकांश कॉलेज executive MBA प्रोग्राम भी प्रदान करते हैं। अधिकांश executive MBA कार्यक्रमों की अवधि 1 वर्ष है। हालांकि, कुछ कॉलेजों में यह 2 साल का हो सकता है, जैसे की FMS, दिल्ली में।

दिल्ली NCR क्षेत्र में, FMS और IMT-गाजियाबाद के executive MBA काफी प्रसिद्ध हैं। मेरी IT कंपनी में एक सज्जन (जो मॉड्यूल लीड थे) IMT-गाजियाबाद में सप्ताहांत कक्षाओं में भाग लेने के लिए गाजियाबाद जाते रहते थे। वह सिर्फ पद्दोनति में मदद हासिल करने के लिए, यानी अपने रिज्यूमे को संवारने के लिए MBA कर रहे थे।

नोट

कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की अधिक व्यापक और प्रामाणिक रैंकिंग के लिए, आप भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।

नोट

यदि आप MBA परीक्षा की तैयारी के तरीकों के बारे में जानना चाहते हैं, तो आप हमारे इस लेख को पढ़ सकते हैं।

Share on:
comments powered by Disqus