post-thumb

MBA कॉलेजों के लिए SOP कैसे लिखें?

यदि आप MBA परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं और एक अच्छे MBA कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो आपने शायद SOP (Statement of Purpose, स्टेटमेंट ऑफ़ पर्पस) के बारे में सुना होगा। मेरे समय में (यानी 2007-09 के दौरान) केवल कुछ भारतीय कॉलेज ही SOP मांगते थे, जैसे की S. P. Jain, Great Lakes, आदि। लेकिन जैसे-जैसे, समय के साथ अधिक से अधिक कॉलेज अच्छे प्रोफाइल वाले लोगों को पसंद कर रहे हैं, वे उम्मीदवारों से एक SOP लिखने के लिए कह रहे हैं।

भले ही आप जिस कॉलेज में आवेदन कर रहे हैं, उसके लिए आपको SOP लिखने और जमा करने की आवश्यकता नहीं हो, फिर भी आपको इसे लिखना चाहिए। यह आपको ऐसे कई प्रश्नों की तैयारी करने में मदद करेगा, जो साक्षात्कार में आपसे पूछे ही जाएंगे, जैसे:

  • आप MBA क्यों करना चाहते हैं?
  • आप हमारे संस्थान से क्यों जुड़ना चाहते हैं?
  • अब से 5 साल बाद आप खुद को कहां देखते हैं?

तो, चलिए शुरू करते हैं।

Table of Contents
  • SOP क्या होता है?
  • MBA कॉलेजों के लिए SOP लिखने के टिप्स
  • SOP का प्रारूप

SOP क्या होता है?

यह तो नाम से ही समझ में आ रहा है। यह आपके उद्देश्य का कथन है - अर्थार्थ, आप MBA क्यों करना चाहते हैं?

यह मूल रूप से एक छोटा निबंध है जिसे आप MBA संस्थान का फॉर्म भरते समय (या कभी-कभी उनके साक्षात्कार / GD राउंड से पहले) लिखेंगे। इंटरव्यू पैनल आपके रिज्यूमे के साथ इसका अध्ययन करेगा और आपके इंटरव्यू के दौरान इस पर सवाल भी उठा सकता है। कहने की जरूरत नहीं है, कि यह बहुत जरूरी है कि आप एक अच्छा SOP लिखें और इसके आधार पर आपके सामने आने वाले किसी भी प्रश्न का उत्तर देने के लिए तैयार हों।

वास्तव में, आपको साक्षात्कार के लिए कॉल आती है या नहीं, यह कुछ कॉलेजों के मामले में आपके SOP पर निर्भर हो सकता है। यानी कुछ कॉलेज उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के लिए SOP का इस्तेमाल करते हैं। कुछ इसके लिए अलग से कुछ अंक भी देते हैं।

नोट

FMS, S. P. Jain, Great Lakes, कुछ IIMs, NMIMS, MICA, आदि जैसे कॉलेजों में आपको SOP लिखने की आवश्यकता होगी। हालांकि कॉलेज इसे एक साल से दूसरे साल में बदल सकते हैं। FMS में तो एक समर्पित SOP चर्चा भी होती है। जबकि अधिकांश अन्य MBA कॉलेजों में साक्षात्कार के दौरान ही आपसे SOP से सम्बंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

हालांकि, SOP के मामले में कोई घिसा-पिटा सूत्र नहीं है। आपको अपने खुद के कारणों का उल्लेख करना पड़ेगा, कि आप MBA क्यों करना चाहते हैं और यह कोर्स आपकी मदद कैसे करेगा। आपको काफी आत्मनिरीक्षण करने की आवश्यकता होगी।

लेकिन फिर भी, कुछ बुनियादी बातें हैं जिन्हें आपको जानना आवश्यक है, और कुछ मूल नियम और सुझाव जो इसे लिखते समय आपके काम आ सकते हैं। आइए, उन पर एक नजर डालते हैं।

MBA कॉलेजों के लिए SOP लिखने के टिप्स

SOP एक लघु निबंध है, जिसमें आपको निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं।

आपके बारे में हमे कुछ बताईए

हालांकि इसके बारे में आप रिज्यूमे में भी लिखते हैं, लेकिन आपको यह जानकारी अपने SOP में भी शामिल करने की जरूरत है। वास्तव में, अधिकांश MBA साक्षात्कारों में यह वह पहली बात है जो आप साक्षात्कार पैनल से सुनेंगे - “हमें अपने बारे में कुछ बताएं।” यह किसी भी साक्षात्कार में वार्तालाप शुरू करने का अच्छा तरीका होता है, और साक्षात्कार पैनल अक्सर आपको सहज महसूस कराने के लिए ऐसे ही सरल प्रश्न से शुरुआत करते हैं।

MBA क्यों?

यानी आप MBA क्यों करना चाहते हैं?, आप किन लक्ष्यों को हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं?, आप अपने जीवन में मध्यम से लंबी अवधि में क्या करने की योजना बना रहे हैं, और इसमें MBA आपकी मदद कैसे करेगा?, कौन सी स्ट्रीम में आप अधिक रुचि रखते हैं, अर्थात विपणन (Marketing), वित्त (Finance), संचालन (Operations), Systems, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार (International Trade), आदि।

आपको अपने अतीत (शिक्षा, नौकरी) को वर्तमान (MBA की योजना), और भविष्य (कैरियर योजना) से जोड़ने की जरूरत है। अपनी ताकत, उपलब्धियों और रुचियों का उल्लेख करें। आप रुचि के एक विशिष्ट क्षेत्र का भी उल्लेख कर सकते हैं, और यह भी कि उसमें आपकी रुचि कैसे विकसित हुई।

उदाहरण के लिए, यदि आपने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते हुए वित्त या विपणन में रुचि विकसित की है, तो उसके कारण क्या थे। आपने अपनी रुचि को आगे बढ़ाने के लिए क्या किया - क्या आपने कुछ इंटर्नशिप, पाठ्यक्रम, आदि किए?

यहां तक कि, अगर आपको अतीत में असफलताएं मिलीं, या आपके जीवन में कुछ साल बर्बाद हो गए थे, तो भी यह कोई बड़ी बात नहीं है। वे इस बात में अधिक रुचि रखते हैं कि क्या आपने अपनी असफलताओं से कुछ सीखा। और कैसे वे सीख आपको अपने भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करेंगी।

हमारा कॉलेज ही क्यों?

आप हमारे कॉलेज से MBA क्यों करना चाहते हैं?

वे आपकी कहानी (जो आपने अपने SOP में लिखी है) से अनुमान लगाने की कोशिश करेंगे कि क्या आप उनके संस्थान में अच्छी तरह फिट होंगे, और क्या आपके पास वह है जो वे चाहते हैं।

उदाहरण के लिए, यदि आप भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT), दिल्ली में साक्षात्कार दे रहे हैं, तो आपको विदेश व्यापार में आपकी रुचि के बारे में कुछ ठोस कारण बताने चाहियें, या यह कि उस कॉलेज से MBA आपके करियर में आपकी मदद कैसे करेगा।

हम आपको क्यों चुनें?

आपके पास कौन सी ख़ासियत या USP (unique selling preposition) है?, आप हमारे कॉलेज और कार्यक्रम में क्या मूल्य जोड़ेंगे?

आपके पास क्या उपलब्धियां हैं? आप अपने साथ क्या अनुभव ला रहे हैं?

याद रखें कि ये कॉलेज उन कंपनियों को सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार पेश करना चाहते हैं जो 2 साल बाद कैंपस प्लेसमेंट के लिए उनके कैंपस में आएंगी। इसलिए अधिकांश कॉलेज, अनुभवी उम्मीदवारों (नौकरी कर रहे) को पसंद करते हैं, और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों का चयन करते हैं।

उपरोक्त प्रश्नों का सटीक, लेकिन व्यापक तरीके से उत्तर देने से हमें अपने SOP निबंध की संरचना करने में मदद मिलेगी। साथ ही, चूंकि लिखने का स्थान सीमित होता है, यह हमें संक्षिप्त रूप से लिखने में मदद करेगा। आमतौर पर हमें निबंध लिखने के लिए 500 से 1000 शब्दों की शब्द-सीमा दी जाती है (शब्द-सीमा एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज में अलग-अलग होगी)।

SOP का प्रारूप

चूंकि SOP एक बहुत छोटा निबंध होता है, इसलिए हमारे पास इधर-उधर की बातें करने की जगह नहीं होती है। अतः, सरल भाषा लिखें और सीधे मुद्दे पर आएं।

नोट

हालांकि, अगर आपके पास अपेक्षाकृत बड़ा SOP (800-1000 शब्द ) लिखने का विकल्प है, तो आप कुछ उद्धरणों (quotations ) से शुरू कर सकते हैं, या पहली कुछ पंक्तियों में अपने जीवन के मूल्यों का वर्णन कर सकते हैं।

पहला पैराग्राफ - परिचय

अपने गुण, ताकत - यानी अपने USPs (Unique Selling Prepositions) लिखें। ऐसी बातें जो आपको भीड़ से अलग करती हैं। (लेकिन अतिशयोक्ति न करें - ये लोग आपके झूठ को आसानी से पहचान लेंगे!)

इंटरव्यू पैनल एक दिन में सैकड़ों रिज्यूमे और SOP की जांच करता है। यदि आपके SOP में कुछ अनूठा और मूल्यवान है, तो यह निश्चित रूप से उनका ध्यान आकर्षित करेगा और आपको शुरू से ही दूसरों से अलग कर देगा। इसलिए, शुरुआत में ही इसे हाइलाइट करें।

हो सकता है कि आपके पास बहुत ज्यादा अनुभव हो, या आप किसी बहुत बड़े पद पर काम कर रहे हों, या हो सकता है कि आप किसी NGO में भी काम करते हों, आपने अपनी कंपनी में कोई बड़ा पुरस्कार जीता हो, आदि। लेकिन आप जो कुछ भी उल्लेख करते हैं, वह आपके MBA लक्ष्यों के अनुरूप होना चाहिए।

अब, अपने अतीत, वर्तमान और भविष्य को लिंक करें। आपके पास नौकरी का क्या अनुभव या शैक्षणिक योग्यता है, आप MBA से क्या चाहते हैं और यह आपको भविष्य के करियर लक्ष्यों को प्राप्त करने में कैसे मदद करेगा। आइए देखें कैसे।

दूसरा पैराग्राफ - अपने अतीत का वर्णन करें

उन्हें बताएं कि आप क्या हैं - वे तथ्य और सबूत देखना चाहते हैं।

उन्हें नौकरी के अनुभव या अपनी शैक्षणिक योग्यता के बारे में बताएं, यानी जो चीजें आपने अब तक हासिल की हैं। आपने उन्हें कैसे प्राप्त किया, आपने उनका उपयोग कैसे किया, आदि।

उदाहरण के लिए, यदि आप सॉफ्टवेयर कंपनी में हैं, और मॉड्यूल लीड के रूप में काम कर रहे हैं या किसी विदेशी क्लाइंट के साथ बातचीत करने में लीड सदस्य हैं, तो आप यहां इन उपलब्धियों का उल्लेख कर सकते हैं।

यदि आपने किसी शैक्षिक स्टार्ट-अप में काम किया है, और उस संस्था में छात्रों की संख्या बढ़ाने में उनकी मदद की है, तो आप इसका उल्लेख कर सकते हैं। हो सकता है कि आपने डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स किया हो, और फिर अपने संगठन की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने और मज़बूत करने में मदद की हो।

उन मुख्य बिंदुओं को हाइलाइट करें, जिन पर आप उनका ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं। कभी-कभी ये लोग एक के बाद एक इंटरव्यू लेते हैं, और उनके पास आपके SOP की हर लाइन को पढ़ने का समय नहीं होता है।

तीसरा पैराग्राफ - “MBA क्यों?”

यह सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है। इसके बिना कोई भी MBA इंटरव्यू पूरा नहीं होता है. और इसके बिना कोई SOP भी पूरी नहीं होता|

उन्हें बताएं कि आप क्या बनना चाहते हैं - MBA करने का आपका उद्देश्य।

यह कुछ ऐसा है जो केवल आप ही बता सकते हैं। आप इसे दूसरों से कॉपी पेस्ट नहीं कर सकते। आपके SOP में व्यक्तिगत स्पर्श होना चाहिए।

आत्मनिरीक्षण करें और इसका उत्तर खोजें। यदि आप अपने जीवन के दो साल (और शायद बहुत सारा पैसा भी) किसी चीज़ में निवेश करने जा रहे हैं, तो आपको पता होना चाहिए “आखिर क्यों?”

अपनी भविष्य की करियर योजनाओं का वर्णन करें और कैसे MBA आपको उन्हें प्राप्त करने में मदद करेगा। किन बातों ने आपको MBA प्रोग्राम के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया।

उदाहरण के लिए, हो सकता है कि आप पहले से ही एक डिजिटल मार्केटिंग कंपनी में काम कर रहे हों, और मार्केटिंग में शामिल हों। लेकिन अब आप मार्केटिंग के बारे में अधिक जानना चाहते हैं और एक पूर्ण मार्केटिंग या सेल्स मैन बनना चाहते हैं।

या हो सकता है कि एक सॉफ्टवेयर कंपनी में एक डेवलपर के रूप में 2-3 साल काम करने के बाद, अब आप एक प्रोजेक्ट मैनेजर बनना चाहते हैं। आम तौर पर, इसमें 6-7 साल लगेंगे। लेकिन एक अच्छे कॉलेज से Systems में MBA करने के बाद आप 2 साल में इसे हासिल कर सकते हैं और कॉलेज में उन दो सालों में उससे सम्बंधित बहुत कुछ सीख भी सकते हैं।

आपकी भविष्य की जो भी योजनाएं हैं, आप जिस कॉलेज या स्ट्रीम के बारे में बात कर रहे हैं, उसके बारे में आपको उत्सुक दिखना चाहिए। मान लीजिए आपको नंबर पसंद हैं और आप वित्त में MBA करना चाहते हैं, और शायद इन्वेस्मेंट बैंकिंग में जाना चाहते हैं। तो सुनिश्चित करें कि आपका SOP आपके उस जुनून को दर्शाये - जैसे की, आप Big Data का विश्लेषण करना कैसे पसंद करते हैं, कंपनियों के विलय और अधिग्रहण का गहन अध्धयन करते हैं, कंपनी के स्टेटमेंट पढ़ते हैं, आदि।

चौथा पैराग्राफ - हमारा कॉलेज क्यों? और हम आपको क्यों चुनें?

अब उल्लेख करें कि कैसे वह विशेष MBA कॉलेज आपको छोटी और लंबी अवधि में अपनी करियर योजनाओं को प्राप्त करने में मदद कैसे करेगा।

उस कॉलेज के बारे में कुछ शोध करें - उनके पाठ्यक्रम, उनके पास मौजूद क्लबों को देखें और यह आपकी मदद कैसे करेंगे। उस कॉलेज के वर्त्तमान छात्रों, पूर्व छात्रों और प्रोफेसरों से बात करें; ऑनलाइन फ़ोरम देखें, उस कॉलेज के बारे में लेख पढ़ें, इत्यादि। आपको निश्चित रूप से कुछ ऐसा मिलेगा जिसका आप अपने SOP में उल्लेख कर सकते हैं। यह साक्षात्कार पैनल को एक अच्छा संकेत देगा कि आप न केवल अपने लक्ष्यों में स्पष्ट हैं, बल्कि आपने उनके कॉलेज का गहन शोध किया है।

अब आपको यह भी बताना होगा कि आपको क्यों लगता है कि आप MBA के लिए तैयार हैं। और आपको क्यों लगता है कि आप उस कॉलेज के लिए पर्याप्त रूप से सक्षम हैं।

आपको उन्हें दिखाना होगा कि आप MBA के लिए तैयार हैं। यदि आपकी कंसल्टेंसी में रुचि है, तो केवल रुचि और क्षमता दिखाना ही पर्याप्त नहीं होगा। आपको यह साबित करने की आवश्यकता है, कि आपने अपने उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बहुत कुछ किया है। मान लीजिए आपने कॉलेज के समय में कई कंसल्टेंसी इवेंट्स में हिस्सा लिया है, या अगर आप एंटरप्रेन्योर बनना चाहते हैं तो क्या आपने स्टार्ट-अप चलाने की कोशिश की है, आदि।

उपसंहार

अपना SOP जल्दबाजी में न लिखें। आप आम तौर पर एक ही SOP को अलग-अलग कॉलेजों में जमा नहीं कर सकते। आपको इसे कॉलेज के हिसाब से थोड़ा सा बदलने की आवश्यकता होती है। इसके लिए बहुत आत्मनिरीक्षण और संशोधन की आवश्यकता है।

जमा करने की तारीख से कम से कम एक सप्ताह पहले एक SOP लिखना शुरू करें। यकीन मानिए, आपके सामने हर दिन नए विचार आएंगे। यह आपको SOP को कई बार फिर से लिखने के लिए मजबूर करेगा। इसलिए, अपने SOP की कुछ बार समीक्षा अवश्य करें।

सुनिश्चित करें कि आपके SOP को पढ़ने के बाद लोगों को यह समझ में आ जाए:

  • उद्देश्य - कि आपके लक्ष्य स्पष्ट हैं। आपने अब तक जो किया है, और आपकी भविष्य की योजनाएं एक दूसरे के साथ संरेखित हैं। यह आपको एक अच्छा योजनाकार साबित करेगा। प्रबंधन आखिर योजना बनाने और क्रियान्वित करने के बारे में ही तो होता है। यदि आप अपने करियर और अपने जीवन का प्रबंधन नहीं कर सकते हैं, तो आप दूसरों को कैसे संभालेंगे - लोग, पैसा, समय सीमा, कंपनी।
  • क्षमता - यह स्पष्ट होना चाहिए कि आपके पास बहुत अधिक क्षमता है, आप एक उपलब्धि हासिल करने वाले और महत्वाकांक्षी व्यक्ति हैं।
  • जुनून और सकारात्मकता - आपके SOP का लहजा आशावादी होना चाहिए और यह लगना चाहिए कि आप अपने भविष्य को लेकर उत्साह से भरे हैं। (लेकिन इसे हद से ज़्यादा मत करियेगा)
  • कहानी - आपका SOP सिर्फ तथ्यों का संग्रह नहीं होना चाहिए। इसे पढ़ने वाले को किसी कहानी या फिल्म का अहसास होना चाहिए। उदाहरण के लिए, जब मैं 10 वीं कक्षा में था, तब मेरे अंदर कंप्यूटर के लिए एक मजबूत पसंद विकसित हुई, तब मैंने IT में बी.टेक किया और C++ और JAVA में काम करना शुरू कर दिया। अब, एक सॉफ्टवेयर कंपनी में मॉड्यूल लीड के रूप में 4 साल तक काम करने के बाद, मैं IT-Systems में MBA करके अपने ज्ञान को समृद्ध करना चाहता हूं और फिर एक सॉफ्टवेयर कंपनी को अपने ग्राहकों के लिए बेहतर सॉफ्टवेयर समाधान या उत्पाद विकसित करने में मदद करना चाहता हूं। यह कहानी दिखा रही है कि आपका एक उद्देश्य है, क्षमता है और जुनून भी है।

SOP, एक तरह से, आपके लेखन कौशल की भी परीक्षा है। सुनिश्चित करें कि कोई व्याकरण संबंधी त्रुटियां नहीं हों, अन्यथा इसका बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा। हालांकि बहुत बेहतरीन शब्दावली उपयोग करने की आवश्यकता नहीं है। आपका SOP समझने में आसान होना चाहिए। कलिष्ट भाषा का कदापि प्रयोग न करें| साधारण अंग्रेजी में अपनी बात कहें|

एक बार जब आपको लगता है कि आपके पास एक अच्छा मसौदा तैयार है, तो अन्य लोगों की राय लें। यदि संभव हो तो अपने SOP को किसी कोचिंग के मॉक इंटरव्यू पैनल के सामने प्रस्तुत करें। वे आपके SOP में कुछ बहुत ही सूक्ष्म कमियाँ भी इंगित कर सकते हैं। साथ ही, जब हम उन्हें कागज पर लिख रहे होते हैं तो जो चीजें ठीक लगती हैं, हो सकता है कि जब हम उन्हें दूसरों के सामने बोल कर कहें तो वह बिल्कुल भी उचित न लगे। इसलिए, तृतीय-पक्ष की राय लेना आवश्यक है।

Share on:
comments powered by Disqus